
हरदोई विद्यालय निरीक्षक के निर्देश के अनुक्रम में जनपद के विद्यालयों में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में विकास क्षेत्र पिहानी के *संजय गाँधी मेमोरियल इण्टर कालेज, अब्दुल्लानगर* में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और सामूहिक नशा मुक्त संकल्प पर विशेष जोर दिया गया। छात्र-छात्राओं ने “मेरा भारत महान, नशा मुक्त भारत” का बैनर लेकर नशे के दुष्प्रभावों पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि परिवार और समाज को भी तोड़ता है। सभी छात्र-छात्राओं ने स्वयं नशा न करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में विद्यालय परिसर में पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक *डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती* भी मनाई गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने डॉ. कलाम को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके महत्वपूर्ण विचारों, जीवन संघर्ष और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद किया। शिक्षकों ने बच्चों को कलाम के सपनों का भारत बनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ प्रीतिमा मिश्रा, अगम प्रकाश त्रिवेदी, धर्मेंद्र कुमार त्रिवेदी, धीरज कुमार मिश्रा* आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन किया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने बताया कि पूरे जनपद में विद्यालय स्तरीय गतिविधियां सुनिश्चित रूप से चालू हैं और आगे भी जारी रहेंगी।






