
CRS NEWS रायबरेली: फिरोजाबाद, 2 अक्टूबर 2024: प्रतापगढ़ और रायबरेली से आए एटीएम कार्ड लूट गिरोह के दो बदमाशों से सिरसागंज पुलिस और एसओजी टीम की मुठभेड़ हुई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे दोनों बदमाश घायल हो गए। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 41 एटीएम कार्ड, नगदी, तमंचे और एक कार बरामद की है।
एसपी अखिलेश भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरसागंज पुलिस और एसओजी टीम थाना सिरसागंज क्षेत्र के कठपुरी हाईवे से दिहुली रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सफेद रंग की वैगनआर कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोका, लेकिन बदमाश कार से उतरकर भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान तनजीब आलम (रायबरेली) और अनीस (प्रतापगढ़) के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 41 एटीएम कार्ड, 2 तमंचे, 6 कारतूस, 11 हजार रुपये नकद और एक वैगनआर कार बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 30 सितंबर को सिरसागंज स्थित बैंक ऑफ इंडिया एटीएम के बाहर अर्जुन नामक युवक से जबरन एटीएम कार्ड लूटने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मामले की जांच जारी रखते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










