
CRS NEWS रायबरेली: डलमऊ तहसील क्षेत्र के किसानों के लिए इस समय परेशानी का विषय बन गई है नहरों में उगी बेशुमार झाड़ियां, जिसके कारण पानी का प्रवाह माइनर के टेल तक नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों का कहना है कि गेहूं की बुवाई का समय आ गया है, और सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता है, लेकिन नहरों की ठीक से सफाई न होने के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
डलमऊ क्षेत्र के पंप कैनाल से एनटीपीसी की ओर जाने वाली नहर से करीब 100 से अधिक माइनर जुड़े हुए हैं, जिनसे आसपास के किसानों की खेतों की सिंचाई होती है। सराय लखनी निवासी किसान अशोक कुमार, प्रदीप, सुखदेव, रामबाबू, तथा दीनगंज निवासी कृपा शंकर, दिनेश और शिव शंकर ने बताया कि एनटीपीसी गंग नहर से जुड़े दीनगंज माइनर के टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। माइनर की सफाई न होने के कारण झाड़ियां उसमें भर चुकी हैं, जिससे कई गांवों के किसानों की फसल सिंचाई से वंचित रह जाती है।
किसानों का कहना है कि माइनरों की सफाई के लिए सिंचाई विभाग द्वारा हर साल एक बड़ा बजट निर्धारित किया जाता है, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण यह सफाई पूरी तरह से प्रभावी नहीं हो पाती है। किसान मांग कर रहे हैं कि इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाए ताकि उनकी फसल समय पर बुवाई हो सके और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके।










