
CRS NEWS: रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 19 वर्षीय युवराज सिंह, निवासी पूरे प्रहलाद सिंह (उसरी), मजरे चंदई चरुहार के रूप में हुई है। युवराज दोपहर को घर से खेत में बरसीन काटने के लिए निकला था। कुछ ही समय बाद बाग में उसका शव पेड़ से लटकता हुआ मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों और स्थानीय निवासियों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद मृतक की मां सीमा सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। युवराज अपने परिवार में सबसे बड़ा था और उसके छोटे भाई-बहन भी हैं।
गदागंज थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अब तक परिजनों द्वारा कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि जिस स्थिति में शव पेड़ से लटका हुआ मिला, वह संदिग्ध है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। लोग घटना के पीछे की सच्चाई जानने के लिए पुलिस जांच का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, परिजन इंसाफ की गुहार लगा रहे है।










