
अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन संपन्न
बगहा,सलोन। दिनांक 08 जनवरी 2025(बुधवार)। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सलोन, रायबरेली के परिसर में आज वर्तमान सत्र- 2024-25 की द्वितीय आवधिक परीक्षा के उपरांत तीसरा अभिभावक – शिक्षक सम्मेलन अपराह्न 01:00 बजे से 02:00 बजे तक आयोजित किया गया। सर्द मौसम के बावजूद अभिभावक अपने पाल्यों सहित विद्यालय पहुंचे और उनकी प्रगति की आख्या ली।
‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ की थीम पर सुसज्जित काॅरीडोर और ग्रीन पार्क में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर अभिभावकों द्वारा सेल्फियां ली गईं और बच्चों की कलाकृतियों की सराहना की गई। जिलाधीश द्वारा घोषित शीतकालीन अवकाश के बावजूद जूनियर स्तर तक के कई बच्चे अपने माता-पिता के साथ प्रगति जानने आए। विद्यार्थियों की बेहतरी के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच विचार विनिमय भी होता देखा गया।
नववर्ष 2025 के इस प्रथम ‘पैरेंट्स-टीचर मीट’ का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह द्वारा ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीपप्रज्वलन, व उनके पूजन अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह द्वारा अभिभावकों से उनके सुझाव आमंत्रित किए गए और विद्यार्थियों के हित में सहयोग की अपेक्षा की गई। उक्त अवसर पर समस्त शिक्षक – शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










