
ऊंचाहार: बिना सेफ्टी गियर के ट्रांसफार्मर पर काम करता लाइनमैन, वीडियो वायरल
ऊंचाहार (रायबरेली)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक विद्युत विभाग का लाइनमैन बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ट्रांसफार्मर पर कार्य करता नजर आ रहा है। यह वीडियो कंदरांवा चौराहा के पास गुलाब का पुरवा रोड का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कर्मचारी न तो हेलमेट पहने है, न सेफ्टी बेल्ट, और न ही अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया गया है।
इस घटना ने विद्युत विभाग में व्याप्त लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर कर दिया है। आम जनता के बीच यह सवाल उठने लगे हैं कि विभागीय अधिकारी आखिर क्यों ऐसी खतरनाक स्थितियों को नजरअंदाज कर रहे हैं। बिना सुरक्षा के इस तरह से ट्रांसफार्मर पर काम करना न केवल कर्मचारी की जान को खतरे में डालता है, बल्कि आसपास मौजूद लोगों के लिए भी खतरनाक हो सकता है। फिलहाल इस संबंध में ऊंचाहार एसडीओ को अवगत कराया जा चुका है उन्होंने बताया कि मामला आपके द्वारा संज्ञान में आया है। जांच कर कार्यवाही की जाएगी।










