
*शौच के लिए गए अधेड़ की तालाब में डूबने से मौत, गांव में मचा कोहराम*
गदागंज (रायबरेली)।
गदागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा अंबारा मथाई के मजरे बरियार का पुरवा में एक अधेड़ व्यक्ति की तालाब में डूबने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रामजीत पुत्र रघुवीर वर्मा (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामजीत 15 जुलाई की रात करीब 9 बजे शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। देर रात तक परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, मगर कोई सुराग नहीं लगा।
आज 16 जुलाई की शाम करीब 5 बजे गांव के किनारे स्थित तालाब में ग्रामीणों ने रामजीत का शव पानी में उतराता हुआ देखा। यह दृश्य देख पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही गदागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजन घटना को लेकर सदमे में हैं।










