
*बैंक में पैसा निकालने पहुंचे व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से मौत, परिवार में मचा कोहराम*
गदागंज (रायबरेली)।
थाना क्षेत्र गदागंज के अंतर्गत कुरौली बुधकर गांव निवासी रामशंकर (उम्र लगभग 50 वर्ष) की बुधवार सुबह अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वह अपनी पत्नी रन्नो देवी के साथ ग्रामीण बैंक, जलालपुर धई में पैसे निकालने गए थे।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वह बैंक परिसर में पहुंचे, तभी उन्हें अचानक चक्कर आया और वह नीचे गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और बैंककर्मियों ने तत्काल उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही गदागंज थाना प्रभारी दयानंद तिवारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की।
मृतक रामशंकर पेशे से मजदूर थे और अपने परिवार का पालन-पोषण मेहनत-मजदूरी कर करते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है, जिसमें बेटी की शादी हो चुकी है। रामशंकर की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया है और गांव में शोक की लहर है।










