
CRS NEWS गदागंज/रायबरेली: विकास खंड दीनशाह गौरा के प्राचीन मां दुर्गा मंदिर प्रांगण में शुक्रवार को पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री (पर्यटन एवं संस्कृति) जयवीर सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य शांतनु जी महाराज ने की, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी ऊंचाहार विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज पाण्डेय ने निभाई। विशिष्ट अतिथियों में सदर विधायक अदिति सिंह, पूर्व एमएलसी राजा राकेश प्रताप सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेश लोधी व ब्लाक प्रभारी अशोक मिश्रा समेत तमाम जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। गौरा हरदो में प्राचीन दुर्गा मंदिर का शिलान्यास होने से श्रद्धालुओं में आस्था जागृति होगी और क्षेत्र पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा।
विधायक डॉ. मनोज पाण्डेय ने कहा कि ऊंचाहार विधानसभा की पहचान राजनीतिक विरासत नहीं बल्कि कर्मभूमि है। यहां का विकास ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि गोकना घाट, जिसे भगवान परशुराम की भूमि कहा जाता है, को भी पर्यटन विभाग से मंजूरी मिल चुकी है।
इस मौके पर क्षेत्रीय जनता की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे प्रांगण में उत्साह और भक्ति का माहौल छाया रहा।












