
तेज रफ्तार आर्टिका कार नीलगाय से टकराकर खाई में पलटी, कार सवार बाल-बाल बचे
गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धमधमा चौराहे के समीप एक दर्दनाक हादसा टल गया, जब एक तेज रफ्तार आर्टिका कार अचानक सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसा देर रात्रि उस समय हुआ जब कार ऊंचाहार से लालगंज की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिवा ढाबा के पास अचानक एक नीलगाय सामने आ गई, जिससे बचने का प्रयास करते हुए कार नीलगाय से टकरा गई और पलट गई।
कार में सवार लगभग 7 से 8 लोग इस गंभीर दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। सौभाग्य से किसी को गंभीर चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में सहयोग किया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।










