
बगहा, सलोन। दिनांक 14 अक्टूबर 2025 (मंगलवार)। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल,सलोन, रायबरेली में आज अर्धवार्षिक परीक्षा के उपरांत वर्तमान सत्र – 2025-26 का द्वितीय ‘अभिभावक शिक्षक सम्मेलन’ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर दीपावली त्योहार के मद्देनजर विद्यार्थियों द्वारा अनेक कलाकृतियों से सुसज्जित किया गया जिसमें पर्व की पौराणिकता और आधुनिकता दोनों ही रूपों की झलक दिखी। गतिविधि आधारित गणित -विज्ञान शिक्षण का विद्यार्थियों पर साफ प्रभाव उनके द्वारा निर्मित माडलों यथा – विंड टरबाइन, लिफ्ट प्रणाली, हरित गृह प्रभाव, इलेक्ट्रोमैग्नेट,न्यूटन डिस्क आदि के रूप में विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदर्शित हुई। पीटीएम के निर्धारित समयावधि में अधिकांश अभिभावकों ने विद्यालय पहुंचकर अपने पाल्यों की प्रगति जानी एवं शिक्षकों के साथ बैठकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार विमर्श में भी हिस्सा लिया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी
सीबीएसई के दिशा निर्देशन में निर्धारित विषयों – ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘मिशन शक्ति’ व ‘मधुबनी ‘ पर आधारित ‘इंटर हाउसेज ‘रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें आजाद हाउस,राधा कृष्णन हाउस, सुभाष हाउस और विवेकानंद हाउस के छात्र – छात्राओं की आठ टीमों द्वारा प्रतिभाग किया गया। पारंपरिक कला के इस भावपूर्ण कौशल में विचार,तर्क और कल्पना का अदभुत संयोजन देखने को मिला। सर्वश्रेष्ठ रंगोली के चयन में मतदान प्रणाली का सहारा लेना पड़ा जिसमें अभिभावकों द्वारा ‘वोट’ डालकर अपना निर्णय दिया गया । कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विजेता टीमों की घोषणा मतगणना के बाद की जाएगी।अभिभावकों और शिक्षकों द्वारा अपराह्न दो बज कर तीस मिनट तक बच्चों की शैक्षिक प्रगति के विषय पर विचार -विमर्श किया गया। आज के इस कार्यक्रम की शुरुआत अपराह्न 01:30 बजे विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कामाक्षा सिंह और उपस्थित अभिभावकों द्वारा मां सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर प्रधानाचार्या जी द्वारा अपने वक्तव्य में कहा गया कि “निरंतर किया जाने वाला अभ्यास ही विद्यार्थियों को अच्छी सफलता की ओर अग्रसर करता है।” उन्होंने कहा की बच्चों में पढ़ाई के साथ प्रतिभा में निखार के लिए कला के प्रति रुझान आवश्यक है, जिसके लिए विद्यालय समय समय पर अवसर उपलब्ध कराता रहता है । इसके साथ ही उन्होंने सभी रैंकर्स एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के बेहतरीन प्रयास की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और सभी विद्यार्थियों को शैक्षिक प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का सुझाव भी दिया गया, इसके साथ ही सभी अभिभावकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए धनतेरस – दीपावली की शुभकामना भी दी गई।










