
दीपावली से पूर्व गदागंज पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, थाना प्रभारी दयानंद तिवारी की मुस्तैदी बनी क्षेत्र में शांति की मिसाल
रायबरेली: दीपावली पर्व को शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से गदागंज थाना पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्वयं थाना प्रभारी श्री दयानंद तिवारी ने किया, जिनकी सतर्कता और सक्रियता से क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ बनी हुई है।
पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गहन निगरानी करते हुए वाहनों की जांच की एवं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। इस दौरान लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया और शांति बनाए रखने की अपील भी की गई।
थाना प्रभारी श्री दयानंद तिवारी ने बताया कि, “पुलिस का मुख्य उद्देश्य है कि दीपावली का यह पावन पर्व सभी लोग भयमुक्त वातावरण में उल्लासपूर्वक मना सकें। इसके लिए हम लगातार क्षेत्र में गश्त, चेकिंग और निगरानी कर रहे हैं।”
स्थानीय नागरिकों ने थाना प्रभारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली के चलते क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगी है और लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। दयानंद तिवारी की तत्परता ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया है।










