
कार्तिक पूर्णिमा स्नान से पहले मोहद्दीनपुर जमालनगर में टूटी सड़क बनी संकट, श्रद्धालुओं की राह में रोड़ा
डलमऊ विकास खंड के मोहद्दीनपुर जमालनगर गाँव में पुलिया के आगे सड़क कट जाने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यह मार्ग गंगा तट पर लगने वाले ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे होकर हर वर्ष हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए गुजरते हैं।
स्थानीय ग्रामीण राम स्वरूप, राहुल यादव, सिद्धनाथ, राम विलास तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सदन तिवारी ने बताया कि पुलिया की जर्जर स्थिति और कट चुकी सड़क की सूचना प्रशासन को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि न तो टूटे हिस्से के पास कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही किसी प्रकार की अस्थायी सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी रायबरेली से इस मार्ग की त्वरित मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि न केवल श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाया जा सके, बल्कि किसी संभावित दुर्घटना को भी रोका जा सके।










