
CRS NEWS: रायबरेली बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लि० जलालपुर धई में किसानों की परेशानी चरम पर है। समिति के सचिव संकठा पाण्डेय की लापरवाही के कारण सैकड़ों किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद भरी हुई है, लेकिन सचिव के कार्यालय पर उपस्थित न रहने से किसान खाद नहीं ले पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव अक्सर समिति में बैठते ही नहीं हैं, और जो किसान सुबह से लाइन में लगते हैं, उन्हें निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ता है।
किसानों ने बताया कि जब सचिव से बात करने की कोशिश की जाती है, तो वे टालमटोल करते हैं और कहते हैं “कुछ समय बाद आइए”, लेकिन फिर पूरे दिन लौटकर नहीं आते। इस वजह से किसानों की बुवाई का कार्य ठप पड़ा है और खेतों में बुवाई का समय निकलता जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बार निर्देश दिए हैं कि किसानों से जुड़ी किसी भी समस्या में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, लेकिन कुछ कर्मचारी इन निर्देशों की पूरी तरह अनदेखी करते हुए मनमानी कर रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित सचिव पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को समय से खाद मिल सके और उनकी फसलों की बुवाई प्रभावित न हो।










