
जबरन शादी से नाराज नाबालिग ने लगाई गुहार, सलोन थाने पहुंच मां-बाप पर लगाए आरोप
रायबरेली, 25 अक्टूबर 2025।
जनपद के सलोन कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदी सिंह मजरे आस्तियार में रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने अपने ही माता-पिता पर जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता रीना यादव पुत्री सुरेश कुमार यादव ने सलोन थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके मां-बाप उसकी शादी एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति से जबरन कराने पर अड़े हुए थे। इस जबरदस्ती से परेशान होकर वह घर से भागकर उन्नाव रेलवे स्टेशन पहुंच गई।
स्टेशन पर मौजूद एक महिला यात्री ने जब रीना से पूछताछ की, तो लड़की ने अपनी पूरी आपबीती सुनाई। महिला ने उसे समझाया और सुरक्षित घर लौटने की सलाह दी।
रीना ने बताया कि वह अभी नाबालिग है और जब वह बालिग हो जाएगी, तब अपनी इच्छा से विवाह करेगी। उसने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसके माता-पिता को जबरन शादी कराने से रोका जाए।
सूचना पर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल संरक्षण इकाई को भी सूचना दी जाएगी, ताकि लड़की की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित की जा सके।










