
भदोखर में बारिश से धान की फसल बर्बाद, किसान परेशान
रायबरेली। विकास खंड राही के अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा भदोखर में बीते दिनों हुई लगातार बारिश से किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भर जाने से फसलें जलमग्न हो गई हैं। जिन किसानों ने अपनी धान की फसल काट ली थी, वह भी अब खेतों में पड़े रहने के कारण सड़ने लगी है।
ग्राम सभा भदोखर की रहने वाली महिला किसान दुर्गेश ने बताया कि उनके पास करीब 10 बिस्वा खेत है, जिसमें वह फसल उगाकर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। लेकिन इस बार हुई बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेत में भरा पानी धान की फसल को खराब कर रहा है, जिससे अब उनके सामने रोज़ी-रोटी की समस्या खड़ी हो गई है।
दुर्गेश का कहना है कि, “धान खराब हो जाएगा, मौसम कब ठीक होगा कुछ पता नहीं। इसी फसल से हमारा साल भर का गुज़ारा होता था, लेकिन अब सब कुछ बारिश में डूब गया।”
किसानों का कहना है कि अगर जल्द ही प्रशासन द्वारा नुकसान का सर्वे कर राहत की व्यवस्था नहीं की गई, तो कई छोटे किसान आर्थिक संकट में फँस जाएंगे।










