
राष्ट्रीय एकता दिवस पर रायबरेली में मनाई गई लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती
रायबरेली में आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राज्यसभा सांसद श्री संजय सेठ एवं जिलाधिकारी सुश्री हर्षिता माथुर द्वारा शहर के बस स्टेशन चौराहे पर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। माल्यार्पण के उपरांत एकता का संदेश देते हुए पदयात्रा (रन फॉर यूनिटी) निकाली गई।
यह पदयात्रा बस स्टेशन चौराहा – अस्पताल चौराहा – डिग्री कॉलेज चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में समाप्त हुई। इस यात्रा में जिला प्रशासन के अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड सदस्य, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने एकता और अखंडता का संदेश दिया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस लाइन परिसर से भी “रन फॉर यूनिटी” निकाली गई, जो कैनाल रोड से होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संपन्न हुई। पुलिस कर्मियों एवं नागरिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, संगठन क्षमता और देश की एकता के प्रति समर्पण से हमें सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।
—










