
नर्स की लापरवाही से नवजात की मौत का आरोप, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत
जगतपुर (रायबरेली) – विकास क्षेत्र के जनकपुर मजरे खजुरी गांव की एक प्रसूता के परिजनों ने जगतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की एक नर्स पर प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है और संबंधित नर्स के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के पति अखिलेश ने बताया कि उनकी पत्नी अंतिमा को 26 नवंबर की रात प्रसव पीड़ा होने पर जगतपुर सीएचसी लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान नर्स द्वारा लापरवाही बरती गई, जिसके चलते प्रसव के समय ही नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया।
परिजनों का कहना है कि नवजात की मौत के बावजूद डॉक्टरों ने समझा-बुझाकर मां और शिशु के शव को घर भेज दिया। शाम तक महिला की हालत फिर बिगड़ने पर उसे दोबारा सीएचसी लाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि उन्होंने अस्पताल स्टाफ से बार-बार जिला अस्पताल रेफर करने की मांग की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। परिजनों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।
जब इस मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ. एल. पी. सोनकर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी










