
CRS NEWS रायबरेली,10 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण 2025-2026 के अंतर्गत डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की ।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी प्रविष्टियों के डिजिटाइजेशन कार्य समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची एक अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज है, इसलिए इसमें दर्ज प्रत्येक प्रविष्टि का सही-सही सत्यापन आवश्यक है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नामांकन, विलोपन, स्थानांतरण तथा सुधार संबंधी प्रपत्रों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उनसे अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने एवं त्रुटिरहित सूची तैयार कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/ एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ,प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी फिरोज सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।










