
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गुरगुजपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह
रायबरेली।
विकास खंड दीन शाह गौरा क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गुरगुजपुर में बुधवार को वार्षिक उत्सव, खेलकूद प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, गीत एवं खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि राम कृपाल यादव, प्रधानाचार्य कंपोजिट विद्यालय अलावलपुर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सज्जन सर एवं राजभर, कंपोजिट विद्यालय बेलाखरा उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया और कहा कि ऐसे आयोजनों से बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को बल मिलता है।
खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि प्रतियोगिताएं छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। अंत में प्रधानाचार्य कुं. पूंजाभाटी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसके साथ समारोह का समापन हुआ।










