
दिल्ली में सड़क हादसे का शिकार हुआ रायबरेली का युवक, इलाज के दौरान मौत
डलमऊ/रायबरेली। दिल्ली में एक निजी लिमिटेड कंपनी में कार्यरत रायबरेली जनपद के युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ड्यूटी समाप्त करने के बाद युवक अपने कमरे की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं।
घायल अवस्था में युवक को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह करीब एक सप्ताह तक कोमा में रहा। तमाम प्रयासों के बावजूद वह होश में नहीं आ सका और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान आशीष कुमार शुक्ला (37 वर्ष) पुत्र रामबालक, निवासी जमुनीपुर चारुहार, थाना गदागंज, जनपद रायबरेली के रूप में हुई है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मंगलवार को मृतक का पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया, जहां डलमऊ घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।










