
रायबरेली के भरतगंज बाजार में बेकाबू ट्रक का तांडव, एक की मौत, 20 से अधिक लोग घायल
रायबरेली जनपद के डीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भरतगंज बाजार में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर कहर बरपा दिया। बेकाबू ट्रक ने बाजार में मौजूद राहगीरों और वाहनों को रौंदते हुए करीब 20 से 25 लोगों को टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 15 से 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में कई दोपहिया और चारपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलते ही डीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक अत्यधिक तेज रफ्तार में था, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात बाधित रहा।










