
CRS NEWS: उत्तर प्रदेश में ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 22 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में दृश्यता शून्य तक पहुंचने की चेतावनी दी गई है, जिससे जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।
प्रदेश में रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। मेरठ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडी रात रही। मौसम विभाग ने 15 जिलों में शीत दिवस की संभावना भी जताई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही पछुआ हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश में ठंड और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अगले चार दिनों तक ठंड और कोहरे का असर इसी तरह बना रहेगा। दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी।
घने कोहरे के कारण कई शहरों में सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
इन जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत।










