
CRS NEWS रायबरेली : डीह–रायबरेली मार्ग पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने पहले साइकिल सवार को टक्कर मारी, इसके बाद तांगे, वैन और बोलेरो से टकराते हुए पेड़ से जा भिड़ा। इस भीषण हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विभिन्न वाहनों में सवार सात से अधिक लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, लोधवारी निवासी बाबूलाल गुरुवार रात साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अवधगंज बाजार के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। भागते समय सीहीपुर मोड़ के पास एक तांगे, लक्ष्मणगंज पुलिया के पास मारुति वैन और भरतगंज बाजार में बोलेरो को टक्कर मार दी। अंततः कंटेनर पेड़ से टकराकर रुक गया।इस दुर्घटना में तांगा सवार भरतगंज निवासी रोहित अग्रहरि, वैन सवार गदागंज के मकदुमपुर निवासी रेनू व किरण, पूरे बाग निवासी मुकेश कुमार, टेंपो सवार हाजीपुर के संदीप सिंह व अंतिमा सिंह समेत अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कंटेनर चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी तथा कंटेनर में भी तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ते देख डीह, सलोन, नसीराबाद, भदोखर और कोतवाली नगर की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने घायल चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया तथा अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन ने बताया कि मृतक के पुत्र सतीश निवासी लोधवारी की तहरीर पर कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









