
प्रदेश सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया सीएचसी का निरीक्षण
जगतपुर।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया। शनिवार को इटावा के एसीएमओ डॉ. सरोज गुप्ता एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) संदीप दीक्षित की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर तथा जन आरोग्य मंदिर नवाबगंज का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जा रही हैं और बाहर से दवाएं नहीं लिखी जा रहीं। मरीज सहाबुद्दीन एवं वासुदेव दर्शन से बातचीत कर टीम ने उपचार व्यवस्था की स्थिति जानी।
टीम ने अस्पताल की स्वच्छता, दवा स्टॉक, मशीनरी, लैब, ओटी कक्ष एवं अग्निशमन यंत्रों की भी जांच की। चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अस्पताल अधीक्षक एल. पी. सोनकर से स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। एसीएमओ डॉ. सरोज गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाई गई व्यवस्थाओं की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।










