
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिले की 980 ग्राम पंचायतों में 1510 बूथ लेवल ऑफिसरों (बीएलओ) द्वारा मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस दौरान कुल 21 लाख 44 हजार 942 मतदाताओं का सत्यापन किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 फरवरी को किया जाएगा। इस बार एक नई व्यवस्था के तहत मतदाता राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर किसी भी ग्राम पंचायत की वोटर लिस्ट ऑनलाइन देख सकेंगे। यह सुविधा पहली बार लागू की जा रही है।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन या आपत्ति दर्ज कराने के लिए दावे-आपत्तियां 24 दिसंबर से 30 जनवरी तक तहसीलों में जमा की जा सकेंगी। वहीं, 31 दिसंबर से 6 जनवरी तक दावे व आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 7 से 12 जनवरी तक हस्तलिखित पांडुलिपि तैयार की जाएगी, जबकि 13 से 29 जनवरी के बीच कंप्यूटरीकरण का कार्य होगा।30 जनवरी से 5 फरवरी तक मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, स्थल क्रमांकन और मतदाता क्रमांकन का कार्य किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची को निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
इस बार दावे और आपत्तियों की जांच बीएलओ एप के माध्यम से नहीं, बल्कि वेंडर द्वारा की जाएगी। मतदाता प्रपत्रों की छपाई पूरी कर उन्हें स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया गया है। वहीं, पंचायत चुनाव के लिए मतपेटियां भी जिले में पहुंच चुकी हैं, जिन्हें राजकीय विद्यालयों में बने स्टोर रूम में सुरक्षित रखा गया है।
इसके साथ ही प्रत्याशियों की जमानत राशि और प्रचार व्यय की सीमा की घोषणा भी कर दी गई है। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की तैयारियों को लेकर पूरी मुस्तैदी दिखाई है।










