
CRS NEWS रायबरेली : प्रयागराज में जनवरी से लगने वाले माघी मेले को लेकर परिवहन निगम ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रायबरेली डिपो की 110 बसों को मेला ड्यूटी में लगाया गया है। माघी मेला एक जनवरी से 15 फरवरी तक चलेगा, जिसमें छह प्रमुख शाही स्नानों के अवसर पर विशेष परिवहन व्यवस्था की गई है।
माघी मेले के लिए लखनऊ क्षेत्र की कुल 500 बसों को लगाया गया है, जिनमें रायबरेली डिपो की 110 बसें शामिल हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है। रायबरेली डिपो से प्रयागराज मार्ग पर बसों का नियमित संचालन किया जाएगा। वर्तमान में डिपो से प्रयागराज के लिए 13 बसें संचालित हो रही हैं।
अधिकांश बसें प्रयागराज के बेलाकछार में बनाए जा रहे अस्थायी डिपो तक जाएंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक ने प्रयागराज के बेलाकछार व विद्यावाहिनी में बनने वाले अस्थायी बस स्टेशनों के लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेशचंद्र श्रीवास्तव को मेला अधिकारी नियुक्त किया है।माघी मेले के शाही स्नान की तिथियां:
पौष पूर्णिमा – 3 जनवरी
मकर संक्रांति – 15 जनवरी
मौनी अमावस्या – 18 जनवरी
बसंत पंचमी – 23 जनवरी
माघी पूर्णिमा – 1 फरवरी
महा शिवरात्रि – 15 फरवरी
परिवहन निगम के इन प्रयासों से माघी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सकेगी।









