
CRS NEWS रायबरेली : जनपद रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस और गोकशी के आरोपितों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में गोकशी के आरोपी मोहम्मद नफीस घोसी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी सलोन थाना क्षेत्र के छोटा घिसी का पुरवा मजरे आशिकाबाद का रहने वाला मोहम्मद नफीस घोसी है, जो गोकशी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और उसकी हालत स्थिर है। मुठभेड़ के दौरान फरार हुए आरोपी की पहचान कोतवाली नगर के नेहरू नगर निवासी अबरार के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।गौरतलब है कि 8 दिसंबर को सलोन थाना क्षेत्र के रूनीपुर पानी टंकी के पास गोमांस बेचने के उद्देश्य से एक गोवंशीय पशु की हत्या की गई थी। इस मामले में विश्व हिंदू परिषद के जिला धर्म प्रचारक सुरेश सिंह की तहरीर पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने 9 दिसंबर को इस मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जिनमें गुलजार, मोहम्मद अफसर, आजाद फकीर, रईश अहमद, मोहम्मद जाबिर, चांद मोहम्मद और शेर मोहम्मद शामिल हैं। ताज़ा गिरफ्तारी के साथ अब तक इस मामले में कुल आठ आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










