
CRS NEWS : उत्तर प्रदेश में बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश आईसीएसई, सीबीएसई, यूपी बोर्ड सहित सभी बोर्डों के सरकारी व निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी जिलों में अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने और जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो। इसके लिए सभी रैन बसेरों में गर्म बिस्तर, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शीतलहर से बचाव के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जमीनी स्तर पर राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।









