
CRS NEWS रायबरेली : नए वर्ष के स्वागत को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। इसी को ध्यान में रखते हुए रायबरेली पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। पार्कों, बाजारों, रेस्टोरेंट, होटल, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों समेत सभी प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वॉड को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है, जबकि डायल 112 की टीमें लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी की जा रही है।
मंगलवार शाम से ही पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और होटलों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। सभी क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। मुख्य बाजारों और शराब की दुकानों के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।यातायात पुलिस सख्त, शराब पीकर वाहन चलाने पर होगी कार्रवाई
बेहतर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने भी कमर कस ली है। सीओ ट्रैफिक अमित सिंह के नेतृत्व में सिविल लाइंस क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया गया। फुटपाथ और सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को हटाया गया और वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके साथ ही सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
होटल, ढाबों और पार्कों की लगातार जांच की जा रही है। फायर सर्विस और पीएसी की टीमें भी भीड़भाड़ वाले इलाकों में मुस्तैद रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











