
CRS NEWS रायबरेली : नववर्ष 2026 के जश्न में रायबरेली के शराब प्रेमी पीछे नहीं रहे। 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 को जिले में शराब की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। महज दो दिनों में करीब 5.82 करोड़ रुपये की शराब बिक गई, जिसने पिछले वर्ष नववर्ष पर हुई 4.27 करोड़ रुपये की बिक्री का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस बार करीब पौने दो करोड़ रुपये अधिक का राजस्व विभाग को प्राप्त हुआ है।
आबकारी विभाग के अनुसार नववर्ष के मौके पर देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर की जमकर बिक्री हुई। आंकड़ों के मुताबिक 31 दिसंबर और 1 जनवरी को जिले में 1,21,124 लीटर देशी शराब की बिक्री हुई, जिससे विभाग को 3 करोड़ 38 लाख 77 हजार 754 रुपये का राजस्व मिला। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 83,924 लीटर देशी शराब की बिक्री से 2 करोड़ 17 लाख 2 हजार 947 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।वहीं इस वर्ष अंग्रेजी शराब की 43,188 बोतलें बिकीं, जिससे 1 करोड़ 92 लाख 74 हजार 994 रुपये का राजस्व मिला। बीते वर्ष अंग्रेजी शराब की 39,414 बोतलों की बिक्री से विभाग को 1 करोड़ 69 लाख 54 हजार 748 रुपये का राजस्व मिला था।
बीयर की बिक्री में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस बार 59,196 केन बीयर की बिक्री से विभाग को 51 लाख 17 हजार 986 रुपये का राजस्व मिला, जबकि पिछले वर्ष 50,277 केन बीयर बिकने पर 40 लाख 88 हजार 288 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।अप्रैल से दिसंबर तक भी बढ़ा शराब कारोबार
आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से दिसंबर तक भी शराब बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में इस अवधि में जिले में 348.88 करोड़ रुपये का शराब कारोबार हुआ था, जबकि वर्ष 2025 की इसी अवधि में यह आंकड़ा बढ़कर 415.34 करोड़ रुपये पहुंच गया। यानी शराब बिक्री में 66.46 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि,
“31 दिसंबर और 1 जनवरी को जनपद में करीब 5.82 करोड़ रुपये की शराब बिक्री हुई है, जो पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग डेढ़ करोड़ रुपये अधिक है। विभाग द्वारा राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी बेहतर राजस्व की उम्मीद है।”









