
गदागंज पुलिस ने वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार, विदेश भेजने के नाम पर ठगी का खुलासा
जनपद रायबरेली में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना गदागंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 04 जनवरी 2026 को थाना गदागंज पर पंजीकृत मुकदमे में वांछित अभियुक्त शकील अहमद (उम्र लगभग 44 वर्ष), पुत्र वकील मियां, निवासी ग्राम बगौरा, थाना दरौदा, जनपद सिवान (बिहार) को थाना गदागंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के उपरांत अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए जेल रवाना किया गया।
थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी ने बताया कि अभियुक्त द्वारा विदेश (सऊदी अरब) भेजने के नाम पर ट्रेवल्स का संचालन किया जा रहा था। अभियुक्त ने थाना गदागंज क्षेत्र के ग्राम जलालपुर धई निवासी अंशुल पुत्र बाबूलाल को विदेश भेजने के नाम पर फर्जी वीजा उपलब्ध कराया था। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित ट्रेवल्स का न तो कोई वैध पंजीकरण है और न ही जीएसटी नंबर। उक्त तथ्यों के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक अजय पटेल एवं कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार शामिल रहे।










