
तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
डलमऊ (रायबरेली)।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के नेवाजगंज के पास बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार नेवाजगंज निवासी ब्रह्मा देवी पत्नी राम दिनेश (उम्र लगभग 55 वर्ष) सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ब्रह्मा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना पर डलमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे पति राम दिनेश, पुत्र आर्यन और पुत्री आरती को छोड़ गई हैं। घटना से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्गा मंदिर से सुरजीपुर मोड़ तक के मार्ग को रेड जोन घोषित करने और सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।
इस संबंध में कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










