
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली नगर पालिका परिषद शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में नगर पालिका द्वारा लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से चार आधुनिक कॉम्पैक्टर मशीनों की खरीद की जा रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जनवरी के अंतिम सप्ताह तक मशीनों के रायबरेली पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही कूड़े को निस्तारण प्लांट तक पहुंचाने के लिए टोविंग वाहनों की भी खरीद की जाएगी।
नगर पालिका के अनुसार इन कॉम्पैक्टर मशीनों को शहर के उन चार प्रमुख कूड़ा घरों में लगाया जाएगा, जहां से सबसे अधिक मात्रा में कूड़ा निकलता है। मशीनों के लगने से कम समय में अधिक कूड़े को दबाकर छोटा किया जा सकेगा, जिससे सड़कों पर गंदगी फैलने से रोक मिलेगी और कूड़ा उठान व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर ने बताया कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए लगातार नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। कॉम्पैक्टर मशीनों की खरीद से सफाई व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और इसका सकारात्मक असर आने वाले समय में शहर की स्वच्छता रैंकिंग पर भी देखने को मिलेगा।









