
CRS NEWS रायबरेली: जगतपुर (रायबरेली)। डलमऊ–जगतपुर मार्ग से निकलकर लक्ष्मणपुर रेलवे स्टेशन को जाने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। लगभग 10 वर्ष पूर्व जिला पंचायत द्वारा निर्मित यह सड़क अब जगह-जगह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर तारकोल और गिट्टी पूरी तरह उखड़ गई है। खासकर रात के समय इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। यह मार्ग रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का इकलौता रास्ता है, जिससे करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीण आवागमन करते हैं।
ग्रामीण अशोक कुमार, माधव प्रसाद, राजकुमार, राजेश, बिंदा प्रसाद और राजेंद्र कुमार का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत के कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। स्टेशन से रात में लौटते समय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति के बावजूद संबंधित विभागीय अधिकारी जानबूझकर अनजान बने हुए हैं।
वहीं इस संबंध में जिला पंचायत के अवर अभियंता विजय पटेल ने बताया कि सड़क मरम्मत के लिए पत्रावली भेजी जा चुकी है। स्वीकृति मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
फिलहाल ग्रामीणों में प्रशासनिक उदासीनता को लेकर नाराजगी बनी हुई है और वे जल्द से जल्द सड़क मरम्मत की मांग कर रहे हैं।









