
CRS NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से Puch AI के को-फाउंडर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सिद्धार्थ भाटिया ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के व्यापक उपयोग, उसके विस्तार और जनसेवाओं को अधिक प्रभावी, सरल व सुलभ बनाने को लेकर गहन चर्चा हुई।
बैठक के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि AI आधारित सेवाओं को कॉल और व्हाट्सऐप जैसे आसान माध्यमों से आम नागरिकों तक पहुंचाया जाए, ताकि तकनीक का लाभ हर वर्ग तक सीधे पहुंचे। साथ ही भारत के डेटा को भारत में ही सुरक्षित रखने और तकनीक के माध्यम से सुशासन को और मजबूत बनाने पर भी सहमति बनी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जनहितकारी बनाया जा रहा है। AI का प्रभावी उपयोग राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगा।
इस अवसर पर श्री सिद्धार्थ भाटिया ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा AI के क्षेत्र में की जा रही नीतिगत पहल और उसके क्रियान्वयन की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इससे न केवल जनसेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि रोजगार सृजन और तकनीकी विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।
यह पहल “New Uttar Pradesh – An AI-enabled Uttar Pradesh” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।










