
CRS NEWS रायबरेली : लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे पर स्थित बारा टोल प्लाजा पर हाईकोर्ट के अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में शुक्रवार को ऊंचाहार तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने दोषी टोल कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता और हिंसा कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बताया गया कि प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां परसपुर निवासी रत्नेश शुक्ला इलाहाबाद हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। वह हाल ही में अपने साथियों के साथ कार से लखनऊ हाईकोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान हैदरगढ़ क्षेत्र के बारा टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद में टोल कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विभिन्न जिलों के अधिवक्ताओं में रोष फैल गया। इससे पहले अधिवक्ताओं ने बारा टोल प्लाजा पर भी प्रदर्शन किया था। शुक्रवार को ऊंचाहार में हुए धरना-प्रदर्शन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर न्याय की मांग की।









