
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। शहर के बस्तेपुर मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने वाला आरोपी महिला का रिश्तेदार बताया जा रहा है, जो लूट के इरादे से घर में दाखिल हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्तेपुर निवासी स्वप्निल उर्फ तनु शुक्रवार की दोपहर घर में अकेली थीं। उनके पति शिक्षक अभिनव तिवारी सहित अन्य परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान एक परिचित युवक, जिसका घर में पहले से आना-जाना था, चोरी-छिपे घर में घुस आया। आरोप है कि उसने घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर आभूषण लूट लिए।
महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
कोतवाल शिव शंकर सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









