
CRS NEWS रायबरेली : थाना गदागंज क्षेत्र के पूरे रूप प्रयागपुर गांव में मानव और पशु जीवन के लिए गंभीर खतरा पैदा करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव निवासी राजा मौर्या पुत्र छविनाथ मौर्या द्वारा अपने खेत में कथित तौर पर अवैध रूप से विद्युत करंट प्रवाहित किया गया था। रात के समय खेत में दौड़ाई गई इस करंट लाइन की चपेट में आकर दो सांडों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार यह घटना केवल पशु मृत्यु तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खुलेआम कानून का उल्लंघन और घोर लापरवाही का गंभीर उदाहरण है। लोगों का कहना है कि यदि उसी समय कोई ग्रामीण, बच्चा या राहगीर खेत के आसपास पहुंच जाता, तो एक बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक न तो संबंधित धाराओं में कोई मुकदमा दर्ज किया गया है और न ही आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है। प्रशासन की यह चुप्पी लोगों के बीच चिंता और आक्रोश का कारण बनी हुई है।ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की जानलेवा लापरवाही करने का साहस न कर सके। लोगों का स्पष्ट कहना है कि आज दो सांडों की जान गई है, कल यह किसी निर्दोष इंसान की जान भी ले सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही नींद से जागेगा।











