
CRS NEWS रायबरेली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली से सांसद राहुल गांधी सोमवार से दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली आ रहे हैं। दौरे के दौरान वह किसानों के साथ गांव में चौपाल लगाएंगे और पार्टी पदाधिकारियों से संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। सांसद बनने के बाद यह पहला अवसर होगा, जब राहुल गांधी गांव जाकर सीधे जनता से संवाद करेंगे।
राहुल गांधी सोमवार को रायबरेली पहुंचकर भुएमऊ गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। मंगलवार को रोहनिया ब्लॉक के उमरन गांव में मनरेगा से जुड़ी चौपाल में शामिल होकर किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे। माना जा रहा है कि आगामी पंचायत चुनावों को लेकर भी वह पदाधिकारियों से रणनीतिक चर्चा कर सकते हैं।
इधर, राहुल गांधी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली से आई सीआरपीएफ की टीम ने उनके कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। टीम ने आईटीआई कॉलोनी स्थित राजीव गांधी स्टेडियम का भी जायजा लिया, जहां राहुल गांधी राजकीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। सीओ सदर अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने बताया कि 19 जनवरी की शाम 7:45 बजे राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा प्रस्थान कर रात 9:15 बजे भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचेंगे।
20 जनवरी की सुबह 9:00 से 10:00 बजे तक वह गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
पूर्वाह्न 11:15 से 11:30 बजे तक सांसद निधि से कराए गए कार्यों का उद्घाटन करेंगे।
दोपहर 11:45 से 12:00 बजे तक राजकीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे।
दोपहर 12:15 से 12:30 बजे तक पालिकाध्यक्ष शत्रोहन सोनकर के आवास पर पहुंचेंगे।
दोपहर 1:45 से 2:45 बजे तक रोहनिया ब्लॉक के उमरन गांव में मनरेगा चौपाल में भाग लेंगे।
रात्रि विश्राम भुएमऊ गेस्ट हाउस में होगा।
21 जनवरी की सुबह 8:10 बजे राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।









