
CRS NEWS रायबरेली : डलमऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 20 जनवरी 2026 की रात एक हृदयविदारक रेल हादसा सामने आया। रेलवे ट्रैक पार करते समय एक अज्ञात युवक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर डलमऊ कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हो सके हैं, जिसके कारण उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है।
पुलिस द्वारा आसपास के गांवों, रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही युवक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
कोतवाली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को मृतक युवक के बारे में कोई जानकारी हो या वह कहीं से लापता हो, तो तुरंत डलमऊ कोतवाली से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचित किया जा सके। पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।










