
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर द ग्रुप ऑफ डायमंड डायमंड फैमिली एवं डायमंड युवा फाउंडेशन के तत्वावधान में 26 जनवरी को तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सभी युवाओं को एकजुट करना और उन्हें राष्ट्र व समाज सेवा से जोड़ना है।
आयोजकों की ओर से जनपद के समस्त युवाओं से अपील की गई है कि वे 26 जनवरी को सुबह 9:00 बजे गदागंज पहुंचकर तिरंगा यात्रा में सहभागिता करें और राष्ट्रभक्ति का संदेश दें।
आयोजन के दौरान देश के महान विभूतियों—डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, शहीद भगत सिंह एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस—के विचारों से युवाओं को प्रेरित किया जाएगा। संस्था की ओर से यह संदेश दिया जाएगा कि
“युवा अगर ठान ले तो इतिहास बदल सकता है, युवाओं के हौसले में ही देश का भविष्य बसता है।”
द ग्रुप ऑफ डायमंड डायमंड फैमिली ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य युवाओं को संगठित कर गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए यथासंभव आर्थिक एवं अनार्थिक सहयोग की व्यवस्था करना भी है, ताकि समाज में समानता और समरसता स्थापित हो सके।आयोजकों के अनुसार तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवा हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक एकजुटता का संदेश देंगे। स्थानीय लोगों ने इस प्रस्तावित आयोजन को सराहनीय पहल बताया है।









