
CRS NEWS : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने पति प्रतीक यादव से तलाक की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया और कुछ माध्यमों में चल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि उनके और उनके पति के बीच रिश्ते बिल्कुल ठीक हैं और पारिवारिक संबंध पूरी तरह मजबूत बने हुए हैं।
भाजपा नेता अपर्णा यादव ने एक चैनल से बातचीत में कहा कि हाल के दिनों में उनके निजी जीवन को लेकर जो खबरें फैलाई जा रही हैं, उनका उद्देश्य उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और सामाजिक मुद्दों पर मुखर भूमिका कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है, इसलिए सुनियोजित तरीके से उनके पारिवारिक जीवन को निशाना बनाया जा रहा है।
अपर्णा यादव ने कहा कि उनके परिवार और पति के साथ उनका रिश्ता बेहद मजबूत है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे तत्वों की पहचान कर ली गई है जो जानबूझकर रिश्तों में दरार डालने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह लोग नहीं चाहते कि वह राजनीतिक और पारिवारिक रूप से सशक्त होकर आगे बढ़ें। अपर्णा ने चेतावनी देते हुए कहा कि वह जल्द ही ऐसी साजिशों को सार्वजनिक रूप से बेनकाब करेंगी।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी भी तरह के दबाव या अफवाहों से डरने वाली नहीं हैं। राजनीतिक स्तर पर खड़ी की जा रही बाधाओं के साथ-साथ पारिवारिक बिखराव के प्रयासों को भी वह नाकाम करेंगी। अपर्णा यादव ने कहा कि जब कोई महिला अपने सिद्धांतों पर डटी रहती है और दबाव में झुकने से इनकार करती है, तो उसे बदनाम करने की कोशिशें की जाती हैं, लेकिन वह हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास के साथ करेंगी।
गौरतलब है कि बीते सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर प्रतीक यादव के एक पोस्ट के बाद तलाक की चर्चाएं तेज हो गई थीं। पोस्ट में प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव पर पारिवारिक रिश्तों को तोड़ने के आरोप लगाए थे और तलाक लेने की बात कही थी। हालांकि, अब अपर्णा यादव के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि तलाक की खबरें महज अफवाह हैं और इसके पीछे राजनीतिक व सामाजिक साजिश की आशंका जताई जा रही है।








