
CRS NEWS रायबरेली : राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि राहुल गांधी सच्चाई को कान खोलकर सुनें। अमरपाल मौर्य ने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर जो बातें आज भारतीय जनता पार्टी कह रही है, वह कोई नई बात नहीं है, बल्कि यह स्वीकारोक्ति स्वयं स्वर्गीय राजीव गांधी ने की थी।
अमरपाल मौर्य ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी ने अपने समय में यह स्वीकार किया था कि दिल्ली से यदि 100 रुपये रायबरेली जैसे क्षेत्रों के विकास के लिए भेजे जाते थे, तो जनता तक पहुंचते-पहुंचते केवल 15 रुपये ही बचते थे, जबकि 85 रुपये रास्ते में ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। सांसद ने स्पष्ट किया कि यह बात न तो उन्होंने कही और न ही भारतीय जनता पार्टी ने गढ़ी है, बल्कि यह स्वर्गीय राजीव गांधी का स्वयं का बयान था।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने इस व्यवस्था पर “मुंह पर ताला” लगाने का काम किया है। आज अगर दिल्ली से 6 हजार रुपये भेजे जाते हैं, तो पूरे 6 हजार रुपये सीधे लाभार्थी तक पहुंचते हैं, बिना किसी कटौती के।
अमरपाल मौर्य ने कहा कि यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पारदर्शी नीति और भारतीय जनता पार्टी की ईमानदार सरकार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन देकर यह साबित कर दिया है कि विकास का पैसा अब बिचौलियों की जेब में नहीं, बल्कि सीधे गरीब, किसान और जरूरतमंद तक पहुंच रहा है











