
रायबरेली में गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च व सघन चेकिंग अभियान
रायबरेली।
आगामी गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रायबरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी थानों की पुलिस ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर फ्लैग मार्च निकाला।
अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों—सुपरमार्केट, घंटाघर, सराफा बाजार तथा रेलवे स्टेशन—पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों की गहनता से जांच की गई।
फ्लैग मार्च के दौरान बाइक से तेज़ गति से घूम रहे कई संदिग्ध युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। वहीं रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान यात्रियों के सामान व बैग खुलवाकर गहन जांच की गई, जिससे आमजन में सुरक्षा का एहसास बना रहे।
इस फ्लैग मार्च एवं चेकिंग अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण नौवहार तथा शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।










