
CRS NEWS राजधानी लखनऊ में 77वें गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह विधान भवन के सामने पूरे गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। परंपरा के अनुसार राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रध्वज फहराया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
गणतंत्र दिवस परेड ने अनुशासन, समर्पण और साहस का संदेश दिया। भारतीय थल सेना की विभिन्न रेजिमेंटों की टुकड़ियों व उनके ब्रास बैंड के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, पीएसी की 32वीं एवं 35वीं वाहिनी, महिला पीएसी बल, प्रांतीय रक्षा दल तथा एनसीसी कैडेटों ने सधी हुई कदमताल के साथ मार्च किया। इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में शामिल हरियाणा पुलिस के दस्ते ने अंतर-राज्यीय सहयोग और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रंगारंग झांकियों ने समारोह को और भी भव्य बना दिया। बाल विद्या मंदिर, चारबाग की ओर से ‘उत्तर प्रदेश–उत्तम प्रदेश’ थीम पर प्रस्तुति दी गई। एसआर ग्लोबल स्कूल की छात्राओं ने नारी शक्ति पर आधारित प्रभावशाली कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जबकि बाल निकुंज विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की संकल्पना को मंच पर जीवंत किया।राज्य में पहली बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार, सिक्किम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित नौ राज्यों से आए 200 से अधिक कलाकारों ने विधानसभा मार्ग पर प्रस्तुति दी। कलाकारों ने ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ थीम पर आधारित सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। वहीं उम्मीद संस्था द्वारा भिक्षावृत्ति से मुक्त बच्चों की तिरंगा नृत्य प्रस्तुति समारोह का विशेष आकर्षण रही।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में लखनऊ पब्लिक कॉलेज के विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ की अवधारणा पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। एसएआर पब्लिक स्कूल की प्रस्तुति में नारी शक्ति और महिलाओं की सामाजिक भूमिका को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। सेंट जोसेफ कॉलेज, राजाजीपुरम के विद्यार्थियों ने अयोध्या धाम की सांस्कृतिक चेतना को केंद्र में रखते हुए भारतीय परंपरा और नारी-सम्मान का संदेश दिया।
झांकियों में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ की स्पष्ट झलक देखने को मिली। लखनऊ पब्लिक स्कूल की ‘नया भारत–नया हिंदुस्तान’ झांकी और पर्यटन निदेशालय की झांकी को दर्शकों की खूब सराहना मिली। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की झांकी में ब्रह्मोस मिसाइल, मेट्रो और राम मंदिर के माध्यम से प्रदेश की विरासत व विकास को दर्शाया गया। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय), जल जीवन मिशन, परिवहन निगम और नमामि गंगे की झांकियों ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।समारोह के अंत में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने आकाश में तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रदेशवासियों को राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया। पूरे उत्तर प्रदेश में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और गौरव के साथ मनाया गया।








