
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। माघ पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के रायबरेली डिपो ने विशेष परिवहन व्यवस्था की है। 31 जनवरी से 1 फरवरी तक जिले के 24 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों से प्रयागराज के लिए कुल 110 बसों का संचालन किया जाएगा।
माघ पूर्णिमा स्नान पर्व एक फरवरी को मनाया जाएगा, जिसमें प्रयागराज के संगम क्षेत्र में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिल सके।
परिवहन निगम द्वारा 31 जनवरी की सुबह से बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जो एक फरवरी तक जारी रहेगा। जिले के ग्रामीण अंचलों से संचालित बसों को बेला कछार (फाफामऊ) तक चलाया जाएगा। इन बसों का संचालन भीरा, धीरनपुर, परशदेपुर, धरई, जगदीशपुर, निसगर, भोजपुर, सेमरौता, मौरावां, राजामऊ, पूरे भोला, रामपुर, बैंती सहित 24 से अधिक गांवों से किया जाएगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक आर.के. त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त संख्या में चालक और परिचालकों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही सभी बसों की तकनीकी जांच पहले से कराई जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी खराबी न आए।उन्होंने बताया कि रायबरेली डिपो और ग्रामीण क्षेत्रों से सीधे प्रयागराज के लिए बसें चलाई जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को बस स्टैंड तक आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी। परिवहन निगम की इस पहल से माघ पूर्णिमा स्नान के लिए जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।









