
गदागंज चौराहे पर बजबजाती नाली, बीमारी फैलने का बढ़ा खतरा
रायबरेली।
विकास खंड दीन शाह गौरा के अंतर्गत किशोरी बालमपुर स्थित गदागंज मुख्य चौराहे पर बनी नाली जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। नाली में पानी की समुचित निकासी न होने के कारण लगातार गंदा पानी जमा है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नाली का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन पानी की निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन गंदा पानी नाली में सड़ रहा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने कई बार संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं और इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली की शीघ्र सफाई कराई जाए और पानी की उचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और बीमारी फैलने से रोका जा सके।










