
CRS NEWS लखनऊ। राजधानी लखनऊ के कैंट क्षेत्र स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा पांच के छात्र के साथ हुई बर्बर मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के ही कुछ सहपाठियों ने छात्र को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी एक आंख की रोशनी चली गई। पीड़ित छात्र की मां की शिकायत पर कैंट थाना पुलिस ने सहपाठियों के साथ-साथ स्कूल स्टाफ के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छात्र तोपखाना स्थित निर्भय विहार कॉलोनी का रहने वाला है और आर्मी पब्लिक स्कूल नंबर-3 में कक्षा 5(ए) का छात्र है। पीड़िता के अनुसार, 21 जनवरी को दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल ग्राउंड में दूसरे सेक्शन के कुछ छात्रों ने उसके बेटे को घेर लिया। आरोप है कि बच्चों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा।
जूते की हील से चेहरा रगड़ने का आरोप
मारपीट के दौरान छात्र के चेहरे को जूते की हील से रगड़ा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पिटाई के बाद छात्र को आंख से दिखाई देना बंद हो गया। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए कमांड अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी एक आंख की रोशनी जाने की पुष्टि की।
इलाज जारी, हालत चिंताजनक
फिलहाल पीड़ित छात्र का इलाज चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्कूल प्रशासन पर मामले को दबाने और लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं।
अभिभावकों में रोष, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में आक्रोश है। स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में एसओ कैंटगुरप्रीत कौर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
वहीं, स्कूल का पक्ष जानने के लिए उप-प्रधानाचार्य साधना से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।










