
CRS NEWS रायबरेली : जिले के बछरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत राजामऊ गांव के पास एक खेत में 35 वर्षीय युवक ननकऊ का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गया है। मृतक के पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार ननकऊ सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर पर बरसीन काट रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर किसी का कॉल आया, जिसके बाद वह घर से निकल गया और देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने ननकऊ का शव गांव से लगभग 300 मीटर दूर एक खेत में लगे जंगली पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव को देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे घटना को आत्महत्या मानने में संदेह उत्पन्न हो रहा है। परिजनों ने ननकऊ की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है।मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने पेड़, फंदे, जमीन और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्र किए। मृतक का मोबाइल फोन सुरक्षित अवस्था में बरामद हुआ है। पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अंतिम बातचीत की जांच कर रही है। इसके साथ ही युवक की पारिवारिक पृष्ठभूमि, हालिया विवाद, लेन-देन, सामाजिक संबंधों और अंतिम गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।
मृतक के बड़े भाई अनिल का कहना है कि ननकऊ की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन घटना के पीछे साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, ग्रामीणों के बीच युवक के प्रेम प्रसंग से जुड़े होने की भी चर्चा है।
थानाध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।











